मेरठ: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुन: विश्वगुरु बन रहा है। हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार बनी है, पूरे प्रदेश की दशा और दिशा बदल गई है। 25 बड़े माफियाओं में से आज 24 जेल में बंद हैं।
डा.दिनेश शर्मा मंगलवार को एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल, भराला में लोकतंत्र सेनानी पं. मलखान सिंह भारद्वाज की मूर्ति के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने विद्यालय परिसर में लगी मूर्ति का लोकार्पण किया और हवन में आहुतियां दीं। पं.मलखान सिंह भारद्वाज को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। समारोह में 11 लोकतंत्र सेनानियों और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में सभी को संतों का आशीर्वाद भी मिला।
मुख्य अतिथि डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वव्यापी नेता बन गए हैं। कोविड काल में जब कोरोना वैक्सीन के लिए सारी दुनिया की निगाहें अमेरिका और अन्य देशों की ओर लगी थीं तब भारत ने सबसे पहले एक नहीं दो-दो वैक्सीन तैयार करे सौ देशों में भिजवा दीं। किसानों के खातों में धनराशि भिजवाई। गरीबों को पेंशन दिलायी। फ्री राशन दिलाया। जनधन के खातों में सीधे धनराशि भिजवाई। मोदी जी ने भारत को पूरे विश्व में एक अलग पहचान दी है। किसान खुशहाल हो रहा है। उसकी आय दोगुनी हो रही है। बेरोजगारों को रोजगार मिल रहा है। गरीबों को गैस सिलेंडर, बिजली के कनेक्शन मिल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदल गई है। अपराधी-माफिया जेलों में बंद हैं। किसान खुशहाल है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों को 1.48 लाख करोड़ का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराया है। किसानों की उपज बढ़ी है। आमदनी भी बढ़ी है। प्रदेश में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। स्टार्टअप योजना शुरू हुई, उद्योग-धंधे लगे। एंटी रोमियो स्कवायड का गठन हुआ। लव जिहाद पर कानून बना। सड़कें बनीं, हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। गांवों में 18 घंटे तो शहरों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। उप्र बदल रहा है, लेकिन विपक्षियों को यह सब रास नहीं आ रहा है। वह सरकार की खामियां ढूंढने में लगे हैं। सपा, कांग्रेस, बसपा और रालोद सब चुनाव को देखते हुए जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। झूठी पंचायतें कर रहे हैं। भाई-बहन पक्षी की तरह मंडराने लगे हैं जबकि पांच साल तक उनका कहीं कोई पता नहीं रहा। अब कभी मंदिर जा रहे हैं तो कभी नौकायन करते हैं। उनकी पंचायतों में किसान नहीं बल्कि उनके अपने की कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं, जिन्हें किसान बताया जा रहा है। राहुल हों, प्रियंका, अजित सिंह, मायावती या अखिलेश, इन सभी का एक ही उद्देश्य है, भाजपा के खिलाफ षड्यंत्र करना। दिनेश शर्मा ने कहा कि अब विधान सभा चुनाव में आपकी परीक्षा है। समाज के परिवर्तन के लिए सभी को एकजुट होना होगा। सरकार के कार्यों में सहयोग करें। कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।
श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष राज्यमंत्री पं. सुनील भराला ने कहा कि श्रद्धेय पं. मलखान सिंह भारद्वाज की 76वीं जयंती पर आज उनकी मूर्ति का लोकार्पण किया गया है। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा का अपर स्नेह और आशीर्वाद हमेशा हमें मिलता रहा है। उन्हीं की प्रेरणा से हम आगे बढ़ रहे हैं। पं.मलखान सिंह भारद्वाज जी का जीवन हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके अनेक साथी लोकतंत्र सेनानी आज यहां मौजूद हैं, जिनका आशीर्वाद हमें मिल रहा है। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। समारोह की अध्यक्षा आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचारक अशोक बेरी ने और संचालन डा. राजीव भारद्वाज ने किया। पं.सुनील भराला, अजय भराला और डा. राजीव भराला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
ये लोग रहे मौजूद
समारोह में स्वामी यतिंद्रानंद जी महाराज, स्वामी कनक प्रभानंद जी महाराज, शिवप्रेमानंद जी महाराज, प्रेम जी, राज्य मंत्री कपिल अग्रवाल, अतुल गर्ग, विजय कश्यप, विधायक डा. सोमेंद्र तोमर, सत्यवीर त्यागी, संगीत सोम, दिनेश खटीक, जितेंद्र सतवाई, नंद किशोर गुर्जर, श्रीचंद शर्मा, दिनेश गोयल, डा.सरोजिनी अग्रवाल, कैप्टन विकास गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष अनुज राठी, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, कामेश्वर चौपाल, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह आदि बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इन लोकतंत्र सेनानियों का हुआ सम्मान
समारोह में लोकतंत्र सेनानी डा. दर्शनलाल अरोड़ा, प्रदीप कुमार कंसल, अरुण वशिष्ठ, अमित अग्रवाल, जतन स्वरूप शर्मा, सुरेंद्र पाल रस्तौगी, बलदेव शर्मा, कृष्णा तोमर, जगत सिंह, डा.पदमाकर और राकेश महाजन आदि का सम्मान हुआ। शिक्षकों में प्रधानाचार्या डा. दीपाली गुप्ता, अश्वनी भारद्वाज, गौरव शर्मा, मो.रसई, दुर्गेश पालीवाल, शशी शर्मा, सोनू शर्मा, प्रीति शर्मा, मंजू गोयल, शालनी गोयल, वंदना अरोड़ा, सुनिमा शर्मा, विभा शर्मा, नीरज चौधरी, अंशु आदि को सम्मानित किया गया।
बच्चों के कार्यक्रमों ने सभी का मन मोहा
एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। देश रंगीला, नमामि गंगे आदि कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।