चीन के नए दावे से भारत परेशन,चीन ने अरुणाचल प्रदेश में छह ठिकानों के नाम बदले
अरूणाचल प्रदेश के जिन छह स्थानों का हाल ही में चीन ने नाम बदला है। उनका दलाई लामा और तिब्बत से कुछ न कुछ संबंध है। यह बात चीनी मामलों के एक विशेषज्ञ ने कही है। इस बीच दलगत राजनीति से उपर उठकर नेताओं और आम लोगों ने चीन की ओर से अरूणाचल प्रदेश के छह स्थलों के नाम बदलने की निंदा की है।
अरुणाचल प्रदेश पर भारत और चीन का विवाद थोड़ा और पेचीदा हो गया है। इस बार ऐसा हुआ है चीन के नए दांव से। चीन ने अरुणाचल प्रदेश में छह ठिकानों के नाम बदल दिए हैं। अरुणाचल प्रदेश को चीन दक्षिणी तिब्बत कहकर इस पर अपना दावा करता रहा है।
अब तक ये विवाद नक्शे का रहा था। मगर अब अरुणाचल विवाद में जबान और संस्कृति के मुद्दे भी जुड़ गए हैं। बीजिंग ने अरुणाचल में छह जगहों के नाम बदलने का कदम दलाई लामा की अरुणाचल यात्रा के बाद उठाया है।
चीन ने दलाई लामा के अरुणाचल दौरे पर कड़ा ऐतराज जताया था। तिब्बती धर्म गुरू 13 अप्रैल को अरुणाचल दौरा पूरा करके लौटे थे।
बता दें कि दलाई लामा की यात्रा को लेकर चीन ने पिछले एक महीने में भारत को कई बार चेतावनी दी थी। भारत ने पेइचिंग के बयान को दरकिनार करते हुए दलाई लामा की अरुणाचल यात्रा का प्रबंध किया था। नई दिल्ली ने इसे धार्मिक मामला बताते हुए चीन से कहा था कि इसे राजनीतिक रंग न दिया जाए।