प्रगति मैदान में नवीनीकरण योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य जोरों पर है, इसके बावजूद साल 2018 में भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आयोजित होगा। हालांकि इसके प्रसार की जगह इस साल से भी कम ही रहेगी। मेले की थीम ग्रामीण उद्यमिता रहेगी और पवेलियन में इसी के अनुसार ही स्टाल लगाए जाएंगे। साल 2019 के अंत तक जब निर्माणकार्य पूरा हो जाएगा, इसके बाद आयोजित होने वाला व्यापार मेला कहीं अधिक भव्य होगा।
इसकी घोषणा सोमवार को भारतीय व्यापार संवर्द्धन परिषद (आइटीपीओ) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एलसी गोयल ने की। वह प्रगति मैदान के हॉल सात में 37 वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री सीआर चौधरी उपस्थित थे।
अपने वक्तव्य में चौधरी ने इस वर्ष भी महज 50 फीसद क्षेत्र में व्यापार मेले के आयोजन को चुनौती बताया और इसके सफलतापूर्वक आयोजन पर आइटीपीओ अधिकारियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण आसान नहीं था, लेकिन यह सब ठीक से संपन्न हो गया। ‘स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया’ की थीम के अनुरूप इस बार मेले में युवा उद्यमियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला।
गोयल ने मेले की सफलता के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के प्रति आभार जताया, उन्होंने कहा कि इस बार व्यापार मेले में अपराध दर में 70 फीसद तक गिरावट दर्ज की गई। 14 दिनों में छेड़छाड़ की एक भी घटना सामने नहीं आई।
इस अवसर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए गए। राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में असम को स्वर्ण, केरल को रजत एवं लक्ष्यद्वीप को कांस्य पदक मिला। पंजाब और महाराष्ट्र विशेष प्रशंसा के पात्र रहे।
मंत्रालय एवं सार्वजनिक उपक्रमों की श्रेणी में केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय और नदी विकास एवं गंगा नवीनीकरण को स्वर्ण, ऊर्जा मंत्रालय को रजत तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को कांस्य पदक दिया गया। भूविज्ञान मंत्रालय और स्टील मंत्रालय विशेष प्रशंसा के पात्र रहे। सरकारी विभागों में डाक विभाग को स्वर्ण, भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम एवं सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेशन को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय गंगा सफाई अभियान को विशेष प्रशंसा पत्र मिला।
निजी भागीदारों में श्री श्याम तिलपंट्टी उद्योग को स्वर्ण, ओरकस को रजत एवं आइएफबी इंडस्ट्रीज लिमिटेड को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। साझीदार देश वियतनाम, फोकस देश किर्गिस्तान और साझीदार राज्य झारखंड को भी सम्मानित किया गया।