संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह और दूसरी पत्नी अमिता सिंह आमने-सामने हैं
यूपी के सियासी रण में अमेठी की लड़ाई सबसे दिलचस्प हो चली है| यहां एक राजा की दो रानियां आमने-सामने हैं| कांग्रेस सांसद और राजघराने के महाराज संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह और दूसरी पत्नी अमिता सिंह आमने-सामने हैं|
रानियों की जंग गठबंधन को ठेंगा
रानियों की इस जंग ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को भी ठेंगा दिखा दिया है| समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी गायत्री प्रजापति पहले से ही अमेठी से चुनाव मैदान में उतरे हुए थे| बावजूद इसके आज अमिता सिंह ने कांग्रेस के टिकट से नामांकन भर दिया| अमिता चुनाव के मैदान में ना किसी को दोस्त मानती हैं ना दुश्मन| अमिता जीत का दावा कर रही हैं और एसपी से फ्रेंडली फाइट के लिए बिलकुल तैयार नहीं हैं|
अमिता क्यों उतरीं मैदान में?
आपको बता दें पिछली बार अमेठी सीट पर एसपी के गायत्री प्रजापति जीते थे| अमिता सिंह 6 हजार वोटों से गायत्री से हार गई थीं| अमिता सिंह दो बार अमेठी से विधायक रह चुकी हैं| यही वजह है कि अमिता ने मैदान नहीं छोड़ा और गठबंधन के बाद भी मैदान में हैं| पति संजय और बेटी के साथ नामांकन करने पहुंची अमिता को जीत का पूरी भरोसा है|