फ्यूचर एस्टेट बिल्डर की निर्माणाधीन आवासीय सोसाइटी के बाहर मजदूरों और कंस्ट्रक्शन ठेकेदारों ने बकाया भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से बिल्डर की ओर से उनके भुगतान नहीं किए गए हैं। लंबे समय से पैसा अटका होने के चलते मजदूरों और ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बता दें कि ठेकेदार राज कुमार अत्रि ने आरोप लगाया कि पिछले एक साल से उनका और मजदूरों का बकाया भुगतान लंबित है। उनका कहना है कि कई बार बिल्डर प्रबंधन से भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार उन्हें इंतजार करना पड़ा और अभी तक बकाया राशि नहीं मिली।
वहीं, मजदूरों का आरोप है कि जब वे अपने मेहनताने और बकाया भुगतान की मांग को लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचते हैं, तो उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया जाता है। कुछ ठेकेदारों ने यह भी आरोप लगाया कि बिल्डर के कर्मचारियों और बाउंसरों की ओर से उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
मामला बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में मजदूर और ठेकेदार बैनर-पोस्टर लेकर सोसाइटी के बाहर एकत्र हुए और अपना विरोध दर्ज कराया।
अब मजदूरों और ठेकेदारों की मांग है कि प्रशासन मामले का संज्ञान ले और लंबे समय से लंबित बताए जा रहे बकाया भुगतान को जल्द से जल्द दिलाया जाए।

