भारत लोक शिक्षा परिषद्, उत्तरी दिल्ली चैप्टर द्वारा 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक जेएमडी टेंट जापानी पार्क, सेक्टर-10 रोहिणी दिल्ली में आयोजित भव्य एवं दिव्य ‘एकल श्रीमद्भागवत कथा’ संपन्न हुई |
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला समिति द्वारा एकल गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति तथा सम्मानित विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा। इस सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में एकल अभियान के गणमान्य पदाधिकारी, ट्रस्टीगण, कार्यकर्ता बंधु, विभिन्न चैप्टरों के पदाधिकारी, महिला विभाग एवं युवा विभाग के पदाधिकारी तथा समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता ने आयोजन को भव्यता प्रदान करने के साथ-साथ एकल अभियान के सेवा एवं शिक्षा संबंधी उद्देश्यों के प्रति समाज के जुड़ाव को भी प्रदर्शित किया।
पूज्या जया किशोरी जी के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीमद्भागवत की अमृतमयी वाणी, भक्ति और आध्यात्मिक संदेशों का सभी ने अमृतपान किया। सात दिवसीय इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार, सेवा और सद्कर्मों की प्रेरणा देने के साथ-साथ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने के एकल अभियान के संकल्प को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
उत्तरी दिल्ली चैप्टर के प्रेरणास्रोत एवं मुख्य यजमान श्री जी. डी. गोयल जी तथा राष्ट्रीय चेयरमैन एवं मुख्य यजमान श्री नीरज रायजादा जी का मार्गदर्शन और सहयोग आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण रहा। भारत लोक शिक्षा परिषद् के राष्ट्रीय प्रधान श्री अखिल कुमार गुप्ता जी, राष्ट्रीय महामंत्री श्री राजीव अग्रवाल जी एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री विजय गुप्ता जी के मार्गदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए।
उत्तरी दिल्ली चैप्टर के चेयरमैन श्री राजेश मित्तल जी, प्रधान श्री वीरेंद्र गुप्ता (बिल्लू जी), कार्यकारी प्रधान श्री मुकेश कुमार गुप्ता जी, महामंत्री श्री अजय अग्रवाल जी एवं कोषाध्यक्ष श्री विजय चौधरी जी सहित चैप्टर की पूरी टीम ने आयोजन की तैयारियों से लेकर इसके सफल समापन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धार्मिक आयोजन के साथ शिक्षा एवं संस्कार का संदेश – पूज्या जया किशोरी जी के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीमद्भागवत कथा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक चिंतन, भक्ति, प्रेम, मानवीय मूल्यों और जीवन में सद्कर्मों के महत्व का संदेश दिया। कथा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
एकल अभियान ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यरत है। अभियान का लक्ष्य केवल बच्चों को शिक्षित करना ही नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना भी है।
‘शिक्षा दान, महादान’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस आयोजन के माध्यम से समाज के समर्थ वर्ग को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा और संस्कार पहुँचाना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कई महीनों की तैयारियों और सामूहिक समर्पण से सफल हुआ आयोजन – इस भव्य आयोजन की सफलता के पीछे कई महीनों से चल रही योजनाबद्ध तैयारियों, निरंतर बैठकों, व्यापक जनसंपर्क, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन से जुड़े प्रत्येक सदस्य ने अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन, उत्तरी दिल्ली चैप्टर की टीम के समन्वय, मुख्य यजमानों एवं कथा सहयोगियों के सहयोग और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को सफल बनाया। सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का सामूहिक समर्पण संगठन की एकजुटता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
कथा के दौरान एकल युवा BLSP द्वारा 5 अक्टूबर को ब्लड डोनेशन कैंप और 6 अक्टूबर 2026 को सिंगर श्री ध्रुव चावला के द्वारा विशेष भजन क्लबिंग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवाओं सहित सभी श्रद्धालुओं ने भक्ति, संगीत और उत्साह के साथ सहभागिता की। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस आयोजन की सबसे सुखद उपलब्धि रही कि उपस्थित लोगों ने ग्रामीण एवं आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। एकल विद्यालयों के लिए क्राउडफंडिंग भी की गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में एकल युवा BLSP के चेयरमैन श्री यतिन जैन, प्रेसीडेंट श्री अक्षत शर्मा, वाईस प्रेसीडेंट श्री सागर अग्रवाल, महामंत्री श्री अभय गोयनका, कोषाध्यक्ष श्रीमती विधि गोयल सहित पूरी युवा टीम का योगदान रहा।
भक्ति से सेवा और सेवा से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा – एकल श्रीमद्भागवत कथा ने यह संदेश दिया कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की सार्थकता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और जरूरतमंदों के जीवन में नई आशा जगाने में भी निहित है। भक्ति के साथ सेवा, संस्कारों के साथ शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय ही एक सशक्त समाज की आधारशिला है।
भारत लोक शिक्षा परिषद्, उत्तरी दिल्ली चैप्टर का यह आयोजन भक्ति, संस्कार, सामाजिक समरसता और ग्रामीण एवं आदिवासी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को समर्पित रहा। सात दिवसीय कथा के सफल समापन के साथ एकल अभियान के शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी और मजबूत हुई।
संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुई एकल श्रीमद्भागवत कथा
RELATED ARTICLES

