आगरावासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आगरा मेट्रो का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी यूपीएमआरसी ने पहले मेट्रो कॉरिडोर का काम तय समय से पहले पूरा करने की तैयारी कर ली है।
अब दिसंबर 2026 की बजाय नवंबर 2026 के दूसरे सप्ताह से सिकंदरा तिराहा से ताज पूर्वी गेट, फतेहाबाद रोड तक मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
करीब 14 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर सफर महज 28 मिनट में पूरा होगा। इस रूट पर कुल 13 स्टेशन होंगे, जिनमें 6 एलिवेटेड और 7 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी स्टेशनों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
शुरुआत में इस रूट पर रोज़ाना 16 मेट्रो ट्रेनों का संचालन होगा। वहीं, यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मेट्रो सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
बता दें कि आगरा में कुल 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। पहला कॉरिडोर सिकंदरा तिराहा से ताज पूर्वी गेट तक 14 किलोमीटर लंबा है, जबकि दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक 16 किलोमीटर का होगा। दोनों कॉरिडोर पर तेजी से काम जारी है।
यूपीएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि परियोजना को समय से पहले पूरा कर आगरावासियों को आधुनिक और तेज़ सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

